नवम्बर 11, 2026 8:12 अपराह्न

printer

स्वच्छता का लक्ष्य हासिल करने के लिए प्रत्येक नागरिक की भागीदारी आवश्यक: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु

नई दिल्ली में स्वच्छ सर्वेक्षण पुरस्कार 2025-26 प्रदान करने के बाद राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने कहा कि स्वच्छता का लक्ष्य केवल किसी एक संस्था के प्रयासों से हासिल नहीं किया जा सकता, इसके लिए प्रत्येक नागरिक, परिवार, समुदाय और शहर की भागीदारी आवश्यक है। उन्होंने आगे कहा कि स्वच्छता केवल सार्वजनिक स्थानों को साफ रखने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह नागरिकों के स्वास्थ्य, सामाजिक संवेदनशीलता और प्रशासनिक जवाबदेही को भी दर्शाती है। इसका संबंध लोगों की रोजमर्रा की घरेलू आदतों से भी है।

राष्ट्रपति मुर्मु ने कहा कि इस वर्ष स्वच्छ शहर जोड़ी पहल ने सहयोग का नया आयाम जोड़ा है। उन्‍होंने कहा कि स्वच्छता में बेहतर प्रदर्शन करने वाले शहर यदि दूसरे शहरों को भी अपने स्तर तक पहुंचने में मदद करें, तो ये उपलब्धियां और सार्थक होंगी। उन्होंने बताया कि वैज्ञानिक और औद्योगिक अनुसंधान परिषद (सीएसआईआर) के सहयोग से पश्चिम बंगाल में स्वच्छ भारत टेस्ट बेड और इनोवेशन सेंटर स्थापित किया गया है। इसका उद्देश्य स्वच्छता के क्षेत्र में तकनीकी प्रशिक्षण और नवाचार को बढ़ावा देना है।

राष्ट्रपति ने स्वच्छता के लिए प्रभावी, किफायती और सुरक्षित तकनीक विकसित करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि ये तकनीकें छोटे शहरों की जरूरतों के अनुरूप भी होनी चाहिए। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सभी के सहयोग से स्वच्छ सर्वेक्षण का अगला चरण पिछले दशक की उपलब्धियों को वैज्ञानिक रूप से प्रमाणित परिणामों में बदलेगा।

इस अवसर पर आवासन और शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल ने कहा कि स्वच्छता केवल एक अभियान नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति और मूल्यों का अभिन्न हिस्सा है। उन्होंने कहा कि 2014 में स्वच्छ भारत मिशन की शुरुआत के बाद स्वच्छता जन-आंदोलन बन गई है।

इस वर्ष स्वच्छ शहर जोड़ी पहल के तहत अहमदाबाद को मेंटर सिटी और साणंद को मेंटी सिटी का पहला स्थान मिला है। यह पुरस्कार भारत के सबसे स्वच्छ शहरों को सम्मानित करते हैं और ‘स्वच्छ भारत मिशन-शहरी’ में उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए दिए जाते हैं।

सर्वाधिक पठित
सम्पूर्ण जानकारी arrow-right

कोई पोस्ट नहीं मिला