खेल मंत्रालय ने चयन में अनियमितताओं के आरोपों और जांच की मांग के बीच पैरा शूटिंग कोच जय प्रकाश नौटियाल को पैरा एशियाई खेल दल से हटा दिया है। उनकी जगह लंबे समय से राष्ट्रीय कोच के रूप में कार्यरत जीवन एल. राय को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
मंत्रालय ने पैरा एशियाई खेलों के लिए 166 खिलाड़ियों के नामों को भी मंजूरी दी है। ये खेल 18 अक्टूबर से जापान के आइची-नागोया में शुरू होंगे। पिछले पैरा एशियाई खेलों में भारत ने 27 स्वर्ण सहित रिकॉर्ड 108 पदक जीते थे। इसके साथ ही भारत ने पहली बार 100 पदकों का आंकड़ा पार किया था।