पाकिस्तान में पाकिस्तान-तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) पार्टी ने सरकार पर आरोप लगाया है कि पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान और उनकी पत्नी बुशरा बीबी को कानूनी और संवैधानिक अधिकारों से वंचित किया जा रहा है। पार्टी ने कहा है कि दोनों को पर्याप्त चिकित्सा सुविधा भी नहीं मिल रही है।
इमरान खान और बुशरा बीबी भ्रष्टाचार के कई मामलों में जेल में बंद हैं। पार्टी नेता और खैबर पख्तूनख्वा के मंत्री शफी जान ने दावा किया कि इमरान खान और उनकी पत्नी को रिश्तेदारों और पार्टी सदस्यों से मिलने से रोका जा रहा है। उन्होंने बताया कि पूर्व प्रधानमंत्री पिछले चार महीनों से आंखों की समस्या से जूझ रहे हैं।
शफी जान ने अधिकारियों से अपील की है कि खान दंपति को उनके निजी डॉक्टरों से मिलने की अनुमति दी जाए और व्यापक चिकित्सा जांच तथा उपचार के लिए तत्काल शिफा अंतरराष्ट्रीय अस्पताल स्थानांतरित किया जाए।