अगस्त 13, 2026 8:08 पूर्वाह्न

printer

बलूचिस्तान के सुराब जिले में पाकिस्तानी हवाई हमलों में 30 से अधिक नागरिकों की मौत, कई घायल

बलूचिस्तान के सुराब जिले में कल पाकिस्तानी वायु सेना के हवाई हमलों में महिलाओं और बच्चों सहित 30 से अधिक नागरिक मारे गए और कई घायल हो गए। बलूचिस्तान गणराज्य समूह ने दावा किया कि पाकिस्तानी सेना और वायु सेना की बमबारी और गोलीबारी में कई नागरिक हताहत हुए और परिसंपत्ति का नुकसान हुआ। संगठन ने घायल नागरिकों को सुरक्षा बलों द्वारा हिरासत में लेने तथा राहत और बचाव अभियान रोकने का आरोप लगाया। संगठन ने सैनिकों द्वारा अस्पतालों की घेराबंदी और चिकित्सकों पर दबाव डालने का आरोप लगाया। कुछ घायलों की मौत उपचार न मिलने के कारण हुई। ड्रोन और कोबरा गनशिप हेलीकॉप्टर इलाके में गश्त करते दिखाई दिए। इलाके में इंटरनेट सेवाएं बंद कर दी गई हैं। बलूचिस्तान गणराज्य ने अंतरराष्ट्रीय समुदाय से इस स्थिति का संज्ञान लेने तथा बलोच नागरिकों के जीवन और मौलिक अधिकारों की रक्षा के लिए हस्तक्षेप करने का आह्वान किया है।

पिछले एक दशक में, कबायली इलाकों में पाकिस्तान सेना के हवाई हमले और बमबारी में कई नागरिक मारे गए हैं। मानवाधिकार समूहों ने इन हमलों की कड़ी आलोचना की है। हाल के दिनों में, पाकिस्तान ने अफ़गानिस्तान के इलाकों पर भी हवाई हमले किये। इन हमलों में कई निर्दोष अफ़गान मारे गए, और सैकड़ों परिवारों को विस्थापित होना पड़ा। पाकिस्तान का अपने ही लोगों के खिलाफ सैन्य बल इस्तेमाल का इतिहास रहा है।