अप्रैल 21, 2026 10:01 अपराह्न

printer

भारतीय सेना ने पहलगाम आतंकी हमले की बरसी की पूर्व संध्या पर आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में अपने दृढ़ संकल्प की पुष्टि की

भारतीय सेना ने आज पहलगाम आतंकी हमले की बरसी की पूर्व संध्या पर आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई का दृढ़ संकल्प व्‍यक्‍त किया है। पिछले साल 22 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में आतंकवादियों ने 26 निर्दोष लोगों की हत्या कर दी थी। इनमें ज्‍यादातर  पर्यटक थे। इस जघन्य कृत्य ने पूरे देश को झकझोर दिया और दुनिया भर की सरकारों तथा नेताओं ने इसकी कड़ी निंदा की। पहलगाम आतंकी हमले के जवाब में, भारतीय सशस्त्र बलों ने ऑपरेशन सिंदूर शुरू किया था।

    सेना ने सोशल मीडिया पर पोस्ट जारी कर आतंकवाद के अपराधियों को कड़ी चेतावनी दी है और कहा है कि जब मानवता की सीमाएं पार की जाती हैं, तो जवाब निर्णायक होता है। सोशल मीडिया पोस्ट में ऑपरेशन सिंदूर का जिक्र करते हुए एक डिजिटल पोस्टर भी साझा किया गया है, जिस पर संदेश लिखा है- कुछ सीमाएं कभी पार नहीं की जानी चाहिए।