ओमान ने मिना अल फाहल निर्यात टर्मिनल पर तेल आपूर्ति केंद्रों के पास हुए विस्फोट के कारण कच्चे तेल की निर्यात प्रक्रिया रोक दी है। यह विस्फोट टर्मिनल के दो सिंगल-बुओय मूरिंग बर्थ, एसबीएम 1 और एसबीएम 2 के बीच हुआ। इनका उपयोग टैंकरों में कच्चा तेल भरने के लिए किया जाता है।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार विस्फोट ड्रोन हमले के कारण हुआ है। हालांकि, ओमान के अधिकारियों ने अभी तक घटना के कारण की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। वहां के अधिकारियों के अनुसार कई सुपरटैंकर, आपूर्ति प्रक्रिया बाधित होने के कारण बंदरगाह के पास लंगर डाले हुए हैं।
मस्कत के पास स्थित मिना अल फाहल, ओमान का प्रमुख कच्चा तेल निर्यात टर्मिनल है और देश के अधिकांश तेल निर्यात का संचालन करता है। यह ओमान की अर्थव्यवस्था के लिए रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण माना जाता है और वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति श्रृंखलाओं में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।