जून 30, 2026 11:11 पूर्वाह्न

printer

अंतरराष्ट्रीय संसदीय दिवस पर ओम बिरला ने दी शुभकामनाएं, संसद को बताया लोकतंत्र की सर्वोच्च अभिव्यक्ति

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने अंतर्राष्ट्रीय संसदीय दिवस के अवसर पर सभी निर्वाचित प्रतिनिधियों और विश्व भर के लोकतांत्रिक संस्थानों को शुभकामनाएं दी हैं। सोशल मीडिया पोस्ट में श्री बिरला ने कहा कि संसद जनता की आकांक्षाओं, अधिकारों और विश्वास की सर्वोच्च अभिव्यक्ति है, जहां विचारों का मंथन होता है, नीतियां बनती हैं और राष्ट्र के भविष्य की दिशा तय होती है। उन्होंने आगे कहा कि एक मजबूत, स्वतंत्र और जवाबदेह संसद ही लोकतंत्र की सच्ची शक्ति और नागरिकों के अधिकारों की सबसे बड़ी संरक्षक है। लोकसभा अध्यक्ष ने इस बात पर जोर दिया कि भारत की संसद विश्व के सबसे बड़े लोकतंत्र का प्रतिनिधित्व करती है और इसने हमेशा संविधान की भावना, लोकतांत्रिक परंपराओं और जन प्रतिनिधित्व की गौरवशाली विरासत को सशक्त रूप से कायम रखा है।
 
उन्होंने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय संसदीय दिवस हमें लोकतंत्र की आत्मा-संवाद, सहमति, जवाबदेही, पारदर्शिता और संवैधानिक मर्यादा को और मजबूत करने का संकल्प लेने का अवसर प्रदान करता है।