राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल ने आज 16वीं ब्रिक्स राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार बैठक से इतर नई दिल्ली में ईरान की राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार परिषद के रक्षा मामलों के उप सचिव ग़ादीर निज़ामीपुर से मुलाकात की। विदेश मंत्रालय ने बताया कि दोनों पक्षों ने पश्चिम एशिया की मौजूदा स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने ब्रिक्स मंच के तहत सहयोग और भारत-ईरान द्विपक्षीय संबंधों पर भी चर्चा की।
श्री डोभाल ने इथियोपिया की राष्ट्रीय खुफिया और सुरक्षा सेवा के विश्लेषण कार्यकारी निदेशक, मिलियन लेमा तदेसे से भी मुलाकात की। दोनों पक्षों ने भारत-इथियोपिया रणनीतिक साझेदारी को मजबूत और सुद्रढ़ करने के लिए सहयोग के क्षेत्रों का पता लगाया।
इसके साथ ही NSA अजीत डोभाल ने ब्राजील के बहुपक्षीय एवं राजनीतिक मामलों के सचिव, कार्लोस कोज़ेंडे से भी मुलाकात की। दोनों पक्षों ने ब्रिक्स ढांचे के तहत भारत और ब्राजील के बीच सहयोग का स्वागत किया और भारत-ब्राजील द्विपक्षीय संबंधों की समीक्षा की।