त्रिपुरा में अगरतला नगर निगम सहित 21 अन्य नगर निकायों और नगर पंचायतों के चुनाव के लिए नामांकन दाखिल करने की प्रक्रिया आज पूरी हो गई। नामांकन पत्रों की जांच कल होगी।
भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवारों ने अगरतला नगर निगम के सभी 51 वार्डों के लिए नामांकन दाखिल किए। इस अवसर पर रवींद्र शतवार्षिकी भवन के सामने आयोजित रैली में मुख्यमंत्री डॉ. माणिक साहा, सांसद राजीव भट्टाचार्य, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष अभिषेक देबरॉय और अन्य पार्टी नेता व समर्थक शामिल हुए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व और ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के मंत्र के अनुरूप राज्य सरकार त्रिपुरा के शहरी क्षेत्रों को आधुनिक, स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।
भाजपा उम्मीदवारों ने राज्य के अन्य नगर निकायों और नगर पंचायतों के लिए भी नामांकन दाखिल किए। अन्य दलों ने नामांकन की प्रक्रिया पहले ही पूरी कर ली थी।
चुनाव कार्यक्रम के अनुसार, नामांकन वापस लेने की अंतिम तारीख दस नवंबर है। मतदान 27 नवंबर और मतगणना दो दिसंबर को होगी।