भारत ने कहा है कि नेपाल और भारत के द्विपक्षीय संबंधों में किसी तीसरे पक्ष की कोई भूमिका नहीं है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने यह बात नेपाल के प्रधानमंत्री की भारत-नेपाल सीमा को लेकर टिप्पणी और उसके बाद नेपाल के विदेश मंत्रालय की ओर से जारी बयान के बारे में पूछे गये सवाल के उत्तर में कही। श्री जायसवाल ने कहा कि सीमा मुद्दों के सभी पहलुओं को सुलझाने के लिए स्थापित द्विपक्षीय तंत्र हैं। उन्होंने कहा कि भारत-नेपाल सीमा का लगभग 98 प्रतिशत सीमांकन हो चुका है।
भारत ने जम्मू-कश्मीर के बारे में पाकिस्तान-यूरोपीय संघ के संयुक्त वक्तव्य में अवांछित संदर्भों को भी खारिज किया। श्री जायसवाल ने कहा कि केंद्रशासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर और लद्दाख भारत के अभिन्न अंग हैं। उन्होंने कहा कि जिनका ऐसे मामलों पर कोई अधिकार नहीं है, उन्हें इन पर टिप्पणी नहीं करनी चाहिए।