अगस्त 14, 2026 2:02 अपराह्न

printer

एनसीबी ने भगोड़े ड्रग सरगना वीरेंद्र सिंह बसोया को भारत लाया, गृह मंत्री ने कहा- ड्रग तस्कर कानून की पहुंच से नहीं बच सकते

गृह मंत्री अमित शाह ने कहा है कि स्वापक नियंत्रण ब्यूरो -एनसीबी ने संयुक्त अरब अमीरात-यूएई से भगोड़े ड्रग सरगना वीरेंद्र सिंह बसोया की वापसी सुनिश्चित कर ली है। आज सुबह नई दिल्ली के आईजीआई हवाई अड्डे पर पहुंचते ही उसे हिरासत में ले लिया गया। भारतीय एजेंसियों द्वारा यूएई अधिकारियों के साथ निरंतर समन्वय के माध्यम से उसकी भारत वापसी सुनिश्चित की गई। श्री शाह ने कहा कि यह मादक पदार्थों के खिलाफ सरकार की कतई बर्दाश्त नहीं करने की नीति में एक नया मील का पत्थर है। श्री शाह ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि नरेंद्र मोदी सरकार विदेशों में छिपे ड्रग तस्करों का लगातार पीछा कर रही है और एक निर्दयी दृष्टिकोण अपनाते हुए उनके पूरे तंत्र को नष्ट कर रही है। श्री शाह ने कहा कि शीर्ष से नीचे और नीचे से ऊपर तक की रणनीति अपनाकर देश की एजेंसियों ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि ड्रग तस्कर चाहे कहीं भी छिपें, वे भारतीय कानून की लंबी पहुंच से बच नहीं सकते।

बसोया की वापसी एनसीबी के ऑपरेशन ग्लोबल-हंट के अंतर्गत चलाए जा रहे निरंतर प्रयासों का हिस्सा है। इस ऑपरेशन का उद्देश्य विदेशों में सक्रिय प्रमुख मादक पदार्थों के तस्करों और भगोड़ों की पहचान करना, उनका पता लगाना और उन पर कार्रवाई करना है। इस पहल में इंटरपोल रेड नोटिस सहित अंतरराष्ट्रीय सहयोग तंत्रों का उपयोग किया गया है और भारतीय तथा विदेशी कानून प्रवर्तन एजेंसियों के साथ परिचालन समन्वय को मजबूत किया गया है। जांच एजेंसियों ने बसोया को मेफेड्रोन की तस्करी में शामिल एक गिरोह का प्रमुख विदेशी ऑपरेटिव और कथित साजिशकर्ता बताया है। इससे पहले तुर्किए से मोहम्मद सलीम डोला और मलेशिया से नवीन चिचकार सहित अन्य वांछित मादक पदार्थों के तस्करों की सफल वापसी भी इस पहल के अंतर्गत महत्वपूर्ण उपलब्धियां थीं।

सर्वाधिक पठित
सम्पूर्ण जानकारी arrow-right

कोई पोस्ट नहीं मिला