कोलंबो सुरक्षा सम्मेलन (सीएससी) की नौवीं उप राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार स्तरीय बैठक आज भारत द्वारा वर्चुअल माध्यम से आयोजित की गई। बैठक में बांग्लादेश, मालदीव, मॉरीशस, श्रीलंका और सेशेल्स के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
विदेश मंत्रालय ने बताया कि सदस्य देशों ने पिछले वर्ष 20 नवंबर को नई दिल्ली में आयोजित सीएससी की सातवीं राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार स्तरीय बैठक में लिए गए निर्णयों की समीक्षा की। उन्होंने 2025-26 के लिए सहयोग और गतिविधियों के रोडमैप की भी समीक्षा की और सहयोग के पांचों स्तंभों में प्रशिक्षण और क्षमता निर्माण कार्यक्रमों के आयोजन में सदस्य देशों द्वारा की गई महत्वपूर्ण प्रगति को सराहा।
मंत्रालय ने कहा कि सदस्य देशों ने हिंद महासागर क्षेत्र में प्रमुख सुरक्षा मुद्दों पर सहयोग को और मजबूत करने तथा मानवीय सहायता और आपदा राहत में अपनी स्थायी साझेदारी को जारी रखने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। रणनीतिक मामलों के उप राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार पवन कपूर ने भारतीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व किया।