सितम्बर 19, 2026 6:10 अपराह्न

printer

नई दिल्ली: इस वर्ष 4 दिसंबर से 21 मार्च 2027 तक होगा दूसरे आईएएडीबी का आयोजन

दूसरा इंडिया आर्ट, वास्तुकला और डिज़ाइन बिएनाले (आईएएडीबी) इस वर्ष 4 दिसंबर से 21 मार्च 2027 तक नई दिल्ली में आयोजित किया जाएगा। 108 दिनों तक चलने वाले इस बिएननेल की थीम ‘तत् त्वम् असि- रीकनेक्टिंग इन एन एज ऑफ़ डिस्ट्रैक्शन’ है।

आकाशवाणी समाचार से विशेष बातचीत में, संस्कृति मंत्रालय के सचिव विवेक अग्रवाल ने कहा कि इस बिएननेल में राष्ट्रीय राजधानी के प्रसिद्ध ऐतिहासिक स्‍थलों पुराना किला, लाल किला, सफदरजंग का मक़बरा, कुतुब मीनार, किला राय पिथोरा और लोधी गार्डन पर कलाकृतियां लगाई जाएंगी। उन्होंने कहा कि इस वर्ष के बिएननेल की थीम सीधे तौर पर भारत की प्राचीन परंपराओं और आध्यात्मिक सोच से प्रेरित है। यह आत्म-चिंतन और व्यक्ति की व्यापक वैश्विक चेतना के साथ एकता पर बल देती है।

श्री अग्रवाल ने कहा कि मंत्रालय का उद्देश्‍य अंतरराष्ट्रीय मंडपों और कलाकारों, भारतीय राज्यों और निजी क्षेत्र की भागीदारी को बढ़ावा देकर आईएएडीबी को वैश्विक स्‍तर पर ले जाना है। भारत की सांस्कृतिक कूटनीति के बारे में उन्होंने कहा कि सांस्कृतिक आदान-प्रदान, सांस्कृतिक कूटनीति और देश की ‘सॉफ्ट पावर’ का महत्‍वपूर्ण हिस्सा है। श्री अग्रवाल ने बताया कि विदेशों की भागीदारी से भारतीय और अंतरराष्ट्रीय दर्शकों को अलग-अलग तरह की कला शैलियों को देखने-समझने का अवसर मिलेगा और इससे बिएनाले को वैश्विक सांस्‍कृतिक कैलेंडर में जगह बनाने में मदद मिलेगी।

इस बिएननेल में कला और डिज़ाइन के विद्यार्थियों की अहमियत पर ज़ोर देते हुए उन्होंने कहा कि मंत्रालय की योजना विशेष रूप से कला और डिजाइन के विद्यार्थियों को बिएननेल से जुड़ी अलग-अलग गतिविधियों में शामिल करने की है, ताकि उन्हें कलाकारों और व्यापक रचनात्‍मक पारिस्थितिकी तंत्र से जुड़ने का अवसर मिल सके।

इंडिया आर्ट, वास्‍तुकला और डिज़ाइन बिएननेल सबसे बड़ा मंच है। यह कलाकारों, क्यूरेटर, गैलरी, कॉर्पोरेट, आर्किटेक्ट, डिज़ाइनर, सांस्कृतिक संस्थानों और अन्‍य संबंधित पक्षों को संस्कृति और रचनात्‍मक जगत से जुड़ने का अवसर देता है। इसे किसी एक जगह पर होने वाली प्रदर्शनी के तौर पर नहीं, बल्कि पूरे शहर में फैले सांस्कृतिक मंच के तौर पर तैयार किया गया है। आगंतुकों को ऐतिहासिक स्मारकों के साथ-साथ समकालीन कलाकृतियों को देखने का अवसर मिलेगा।

सर्वाधिक पठित
सम्पूर्ण जानकारी arrow-right

कोई पोस्ट नहीं मिला