सितम्बर 13, 2026 9:22 अपराह्न

printer

नई दिल्ली ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के कई ठोस और विकास-केंद्रित परिणाम निकले: विदेश मंत्रालय

विदेश मंत्रालय ने कहा है कि नई दिल्ली में आज सम्‍पन्‍न ब्रिक्स शिखर सम्‍मेलन के कई ठोस और विकास-केंद्रित परिणाम निकले। विदेश मंत्रालय में आर्थिक संबंधों के सचिव सुधाकर दलेला ने नई दिल्ली में मीडिया को बताया कि अलग-अलग विषयों पर 50 से अधिक ठोस परिणाम हासिल किए गए। उन्होंने इसे भारत की ब्रिक्स अध्यक्षता की बड़ी कामयाबी बताया। ब्रिक्स संयुक्त राष्ट्र में सुधार के लिए पूरी तरह प्रति‍बद्ध है। उन्‍होंने कहा कि भारत ब्रिक्स देशों के साथ सहयोग को और मज़बूत करना चाहता है।

    श्री दलेला ने बताया कि शिखर सम्‍मेलन में ब्रिक्स व्‍यवसाय परिषद और ब्रिक्स महिला व्‍यवसाय गठबंधन की भी रिपोर्ट मिलीं, जिनसे कारोबारियों, विशेष रूप से महिला उद्यमियों की राय नेताओं तक पहुँची। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने खुले सत्र के आखिर में समापन भाषण दिया। उन्‍होंने 2027 में ब्रिक्स की अध्यक्षता के लिए चीन के राष्ट्रपति षी चिनफिंग को शुभकामनाएँ दीं। प्रधानमंत्री ने शिखर सम्‍मेलन की सफलता में योगदान के लिए सभी प्रतिनिधिमंडलों और उनकी टीमों का आभार प्रकट किया।

    श्री दलेला ने कहा कि भारत की ब्रिक्स अध्यक्षता ने देश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को प्रदर्शित करने और ब्रिक्स देशों के बीच सांस्कृतिक आदान-प्रदान को बढ़ावा देने का अवसर भी दिया। उन्होंने कहा कि इससे शिक्षकों और थिंक टैंक सहित नागरिक समाज को ब्रिक्स की भविष्य की दिशा पर विचार और सुझाव देने के लिए महत्‍वपूर्ण मंच मिला।

    सचिव ने कहा कि ब्रिक्‍स अध्यक्षता के दौरान भारत की प्राथमिकताओं को समूह के सदस्य और सहयोगी देशों से पूरा समर्थन मिला। उन्होंने इस बात पर ज़ोर दिया कि भारत ने अपनी अध्यक्षता का उपयोग ब्रिक्स को लोगों, विशेष रूप से युवाओं के करीब लाने के लिए भी किया, जिसमें महिलाओं की भागीदारी पर विशेष ध्यान दिया गया। इसके लिए समर्पित ‘महिला कार्यकारी समूह’ और कई योजनाएं शुरू की गईं।