नवम्बर 11, 2026 8:20 अपराह्न

printer

नई दिल्ली: प्रवासी भारतीय दिवस की वेबसाइट का शुभारंभ

विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर और पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने आज नई दिल्ली में प्रवासी भारतीय दिवस की वेबसाइट का शुभारंभ किया। 19वां प्रवासी भारतीय दिवस सम्मेलन अगले वर्ष 7 से 9 जनवरी तक कोलकाता में आयोजित किया जाएगा। इस वर्ष सम्मेलन का विषय है – जड़ों की ओर वापसी : प्रवासी भारतीयों का भारत से जुड़ाव फिर मजबूत करना सम्मेलन का आयोजन विदेश मंत्रालय, पश्चिम बंगाल सरकार के सहयोग से करेगा।

इस अवसर पर डॉ. जयशंकर ने कहा कि भारतीय प्रवासी समुदाय देश और दुनिया के बीच एक जीवंत सेतु का काम करते हैं। उन्होंने कहा कि प्रवासी भारतीयों का संबंध केवल भारत के अतीत से नहीं है, बल्कि वे देश के भविष्य के भी महत्वपूर्ण भागीदार हैं। उन्होंने कहा कि भारत की आर्थिक प्रगति आज विश्व में चर्चा का विषय है। यह सम्मेलन दुनिया के विभिन्न देशों में रह रहे भारतीय समुदाय के योगदान को सम्मानित करने और भारत के साथ उनके संबंधों को मजबूत करने का अवसर प्रदान करेगा। उन्होंने कहा कि सम्मेलन का विषय प्रवासी भारतीयों को उनकी जड़ों और पैतृक भूमि से जोड़ने के प्रयास को दर्शाता है।

पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने कहा कि विदेश मंत्रालय ने इस आयोजन के लिए पश्चिम बंगाल को चुना है, यह राज्य के लिए सम्मान की बात है। उन्होंने बताया कि सम्मेलन की तैयारियां मिशन मोड में की जा रही हैं। उन्होंने प्रतिनिधियों को बंगाल की सांस्कृतिक विरासत और आतिथ्य का अनुभव करने के लिए आमंत्रित किया।

तीन दिवसीय सम्मेलन की शुरुआत युवा प्रवासी भारतीय दिवस से होगी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सम्मेलन का उद्घाटन करेंगे। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु समापन सत्र की अध्यक्षता करेंगी और प्रतिष्ठित प्रवासी भारतीय सम्मान पुरस्कार प्रदान करेंगी।

प्रवासी भारतीय दिवस की वेबसाइट pbdindia.gov.in के शुभारंभ के साथ ही सम्मेलन में भाग लेने के लिए ऑनलाइन पंजीकरण शुरू हो गया है। यह वेबसाइट संभावित प्रतिभागियों के लिए जानकारी और सहायता का एक प्रमुख माध्यम होगी। इस पर सम्मेलन उसके कार्यक्रम, पंजीकरण प्रक्रिया, आवास, परिवहन और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं से जुड़ी जानकारी उपलब्ध होगी।

प्रवासी भारतीय दिवस की वेबसाइट के साथ ही विशेष भारत को जानिए क्विज का भी शुभारंभ किया गया। इस क्विज को नवीनतम गेमिंग तकनीक के माध्यम से नया रूप दिया गया है, जिससे अधिक से अधिक प्रवासी भारतीय और विदेशी नागरिक इसमें भाग ले सकें। यह क्विज भारतवर्स ऐप और वेबसाइट www\.bkjquiz.com पर उपलब्ध है। विशेष क्विज आज से 20 दिसंबर तक आयोजित की जाएगी।

हमारे संवाददाता ने बताया है कि इस सम्मेलन में दुनिया भर से भारतीय प्रवासी समुदाय के सदस्य, युवा प्रवासी नेता, उद्यमी, पेशेवर, शिक्षाविद् और नवाचार के क्षेत्र से जुड़े लोग शामिल होंगे। यह सरकार का प्रमुख आयोजन है, जो भारतीय प्रवासी समुदाय से जुड़ने और उन्हें एक-दूसरे के साथ विचारों के आदान-प्रदान का अवसर प्रदान करता है। प्रवासी भारतीय दिवस हर वर्ष 9 जनवरी को मनाया जाता है। इसी दिन वर्ष 1915 में महात्मा गांधी दक्षिण अफ्रीका से भारत लौटे थे।

सर्वाधिक पठित
सम्पूर्ण जानकारी arrow-right

कोई पोस्ट नहीं मिला