नेपाल के राष्ट्रपति रामचन्द्र पाउडेल ने आज काठमांडू के शीतल निवास में आयोजित अलंकरण समारोह में भारत के सेना प्रमुख जनरल धीरज सेठ को नेपाली सेना के अवैतनिक जनरल रैंक प्रदान किया।
राष्ट्रपति सचिवालय ने एक बयान में कहा है कि समारोह के दौरान नेपाल के उपराष्ट्रपति राम सहाय प्रसाद यादव, विदेश मंत्री शिशिर खनाल, नेपाल में भारत के राजदूत नवीन श्रीवास्तव और नेपाली सेना तथा नेपाल सरकार के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
जनरल सेठ नेपाल की सेना के प्रमुख जनरल अशोक राज सिगदेल के निमंत्रण पर कल नेपाल की सरकारी यात्रा पर पहुंचे थे। अवैतनिक रैंक प्रदान किए जाने की परम्परा 1950 में शुरू हुई थी और अब भी जारी है तथा इसके अंतर्गत भारत और नेपाल एक दूसरे के सेना प्रमुखों को अवैतनिक जनरल रैंक प्रदान करते हैं।
जनरल सेठ ने आज नेपाल के सेना मुख्यालय में जनरल सिगदेल से मुलाकात की। दोनों ने आपसी हित के मुद्दों और द्विपक्षीय सैन्य संबंध मजबूत करने के बारे में विचार-विमर्श किया। जनरल सेठ ने भारतीय दूतावास में राजदूत नवीन श्रीवास्तव से भी मुलाकात की और भारत तथा नेपाल के बीच संबंध मजूबत करने के तौर-तरीकों पर चर्चा की।
जनरल सेठ ने आज नेपाली सेना को कुछ सैन्य और चिकित्सा उपकरण सुपुर्द किए। उन्होंने नेपाल सेना मुख्यालय के परिसर में पौधारोपण भी किया और गार्ड ऑफ ऑनर का निरीक्षण किया।