नेपाल की राष्ट्रीय सभा की संघीयता सुदृढ़ीकरण और राष्ट्रीय सरोकार समिति ने हुम्ला और बाजुरा जिलों के बीच सीमा विवाद का स्थायी समाधान निकालने के निर्देश दिए हैं।
यह विवाद बहुमूल्य जड़ी-बूटियों और वन्यजीव संसाधनों को लेकर लंबे समय से चला आ रहा है। पिछले महीने सीमा क्षेत्र में अस्थायी पुलिस चौकी के निर्माण को लेकर दोनों जिलों के लोगों के बीच झड़प हुई थी, जिसमें पांच लोग घायल हुए थे।
समिति ने सरकार से स्थानीय लोगों, प्रशासन और संबंधित पक्षों के साथ व्यापक चर्चा कर विवाद का स्थायी समाधान सुनिश्चित करने को कहा है। गृह मंत्रालय ने बताया कि फिलहाल क्षेत्र में स्थिति सामान्य है और संयुक्त अस्थायी सुरक्षा चौकी स्थापित करने की तैयारी की जा रही है।