नई दिल्ली नगरपालिका परिषद के अध्यक्ष मनोज कुमार द्विवेदी ने राष्ट्रीय राजधानी में आगामी ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के मद्देनजर परिषद क्षेत्र में व्यापक तथा समन्वित नागरिक तैयारी योजना लागू करने के लिए एक समीक्षा बैठक की। श्री द्विवेदी ने कहा कि इस तैयारी योजना का उद्देश्य शिखर सम्मेलन की पूरी अवधि के दौरान प्रभावी योजना, समन्वित क्रियान्वयन, निर्बाध नागरिक सेवाएं तथा शहरी प्रबंधन के अंतरराष्ट्रीय मानकों को सुनिश्चित करना है। इसके लिए उन्होंने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।
इस योजना के अंतर्गत सौंदर्यीकरण के लिए 41 प्रमुख सड़कों को 14 सर्किलों में विभाजित किया गया है, और प्रत्येक सर्किल के लिए एक समर्पित नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। साथ ही परिषद द्वारा अगले महीने की नौ से चौदह तारीख तक चौबीसों घंटे स्वच्छता औऱ सफाई व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। इसके अलावा अस्थायी कूड़ेदान और मोबाइल शौचालय लगाए जाएंगे तथा आवारा पशुओं को हटाने की कार्रवाई भी स्वच्छता योजना का महत्वपूर्ण हिस्सा होगी। परिषद बुनियादी ढांचे के रखरखाव को प्राथमिकता देते हुए सड़कों के गड्ढों और फुटपाथों की मरम्मत, मलबा हटाने तथा उचित वर्षा जल निकासी व्यवस्था सहित स्ट्रीट लाइटों की कार्यशीलता सुनिश्चित करेगी। इस दौरान चिकित्सा संबंधी, मच्छर नियंत्रण और अन्य निवारक जनस्वास्थ्य उपायों को और अधिक प्रभावी बनाया जाएगा। साथ ही, अवैध रूप से पार्क किए गए वाहनों को हटाने के लिए विशेष अभियान चलाए जाएंगे और आवश्यकता के अनुसार निर्धारित पार्किंग व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।
18वां ब्रिक्स शिखर सम्मेलन अगले महीने की 12 और 13 तारीख को राष्ट्रीय राजधानी में आयोजित किया जाएगा। आरजू और निशा के साथ प्रादेशिक समाचार के लिए शिवांग मिश्रा।