राष्ट्रीय कैडेट कोर-एनसीसी कैडेटों को डिजिटल कौशल और साइबर जागरूक करने के लिए एक राष्ट्रव्यापी साइबर सुरक्षा क्षमता निर्माण कार्यक्रम शुरू किया गया है। एनसीसी और राष्ट्रीय इलेक्ट्रॉनिकी तथा सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान-एनआईईएलआईटी ने आज नई दिल्ली में एक समझौता किया। एनसीसी के महानिदेशक लेफ्टिनेंट जनरल वीरेंद्र वत्स ने कहा कि देश भर के सात सौ से अधिक जिलों में अखिल भारतीय स्तर पर कार्यक्रम का कार्यान्वयन किया जाएगा। इसके अंतर्गत एनसीसी आवश्यक बुनियादी ढांचा प्रदान करेगा और एनआईईएलआईटी प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित करेगा।
कार्यक्रम दो चरणों में होगा। पहले चरण में 15 घंटे का ऑनलाइन साइबर सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम है। यह डिजिटल साक्षरता, साइबर स्वच्छता, सुरक्षित इंटरनेट प्रथाओं और साइबर खतरों के प्रति जागरूक करेगा। दूसरे चरण में साठ घंटे का साइबर डिफेंडर प्रोग्राम’ है। इसमें व्यावहारिक प्रशिक्षण, वास्तविक जीवन के सिमुलेशन और साइबर सुरक्षा उपकरणों का उपयोग करने का अनुभव दिया जाएगा।