राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल आधिकारिक दौरे पर हनोई पहुंच गए हैं। इस दौरान वे भारत और वियतनाम के बीच उन्नत व्यापक रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने के प्रयासों के अंतर्गत वियतनाम के नेताओं के साथ बातचीत करेंगे। यह दौरा दोनों देशों के बीच विभिन्न क्षेत्रों में बढ़ते उच्चस्तरीय संपर्कों के बीच हो रहा है।
इससे पहले लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने नई दिल्ली में 12वें ब्रिक्स संसदीय मंच के दौरान वियतनाम की सांसद माई डुंग थाई क्विन्ह और संसदीय मैत्री समूह के सदस्यों से मुलाकात की। इस बैठक में संसदीय आदान-प्रदान बढ़ाने, संस्थागत सहयोग को मजबूत करने और व्यापार, उद्योग, सूचना प्रौद्योगिकी तथा आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के क्षेत्र में सहयोग की नई संभावनाएं तलाशने पर चर्चा हुई। भारत और वियतनाम ने इस वर्ष मई में वियतनाम के राष्ट्रपति तो लाम की भारत की राजकीय यात्रा के दौरान अपने द्विपक्षीय संबंधों को उन्नत व्यापक रणनीतिक साझेदारी का दर्जा दिया था।