भारत रत्न मोक्षगुंडम विश्वेश्वरैया की जयंती के अवसर पर आज राष्ट्रीय इंजीनियर दिवस मनाया जा रहा है। वे भारत के महानतम इंजीनियरों में से एक थे। यह दिवस प्रतिवर्ष 15 सितंबर को विश्वेश्वरैया के योगदान को याद करने और राष्ट्र के विकास में इंजीनियरों की भूमिका को सम्मानित करने के लिए मनाया जाता है।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और गृह मंत्री अमित शाह ने एम. विश्वेश्वरैया की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। सोशल मीडिया पोस्ट में श्री मोदी ने कहा कि एम. विश्वेश्वरैया एक प्रतिभाशाली इंजीनियर थे, जिनकी राष्ट्र निर्माण की दूरदृष्टि नागरिकों को हमेशा प्रेरित करती रहेगी।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि एम. विश्वेश्वरैया का जीवन उत्कृष्टता, अनुशासन, नवाचार और जनसेवा का एक चिरस्थायी उदाहरण है। श्री सिंह ने कहा कि भारत के राष्ट्र निर्माण में उनके असाधारण योगदान को हमेशा याद रखा जाएगा।
गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि एम. विश्वेश्वरैया के उल्लेखनीय योगदान ने राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इंजीनियरों को बधाई देते हुए गृह मंत्री ने कहा कि उनके अथक नवाचार भारत की प्रगति को निरंतर विकास के माध्यम से आगे बढ़ाते हैं।