नासा का अंतरिक्ष यान वॉयजर-1 18 नवंबर को पृथ्वी से एक प्रकाश-दिवस की दूरी तय करने वाला पहला मानव निर्मित यान बन जाएगा। नासा के अनुसार, यह उपलब्धि भारतीय समयानुसार दोपहर 3:46 मिनट पर हासिल होने की उम्मीद है। एक प्रकाश-दिवस वह दूरी है, जिसे प्रकाश 24 घंटे में तय करता है। यह लगभग 26 अरब किलोमीटर है।
पांच सितंबर 1977 को प्रक्षेपित वॉयजर-1 को यह दूरी तय करने में 49 वर्ष, दो महीने और 11 दिन लगेंगे। यह यान इस समय अंतरतारकीय अंतरिक्ष में लगभग 38 हजार मील प्रति घंटे की गति से आगे बढ़ रहा है। वर्ष 2012 में इसने अंतरतारकीय अंतरिक्ष में प्रवेश किया था और अब भी पृथ्वी पर वैज्ञानिक आंकड़े भेज रहा है। इसका जुड़वां यान वॉयजर-2 भी 1977 में प्रक्षेपित किया गया था। इसके नवंबर 2035 में एक प्रकाश-दिवस की दूरी तक पहुंचने की उम्मीद है।
नासा के अनुसार, वॉयजर-1 उर्सा माइनर तारामंडल में स्थित ग्लिसे-445 तारे की ओर बढ़ रहा है और लगभग 40 हजार वर्ष बाद इससे करीब 1.7 प्रकाश-वर्ष की दूरी से गुजरेगा।