नासा ने अगले साल के अंत में होने वाले अपने अगले आर्टेमिस तृतीय मिशन के लिए तीन अमरीकी अंतरिक्ष यात्रियों और एक इतालवी अंतरिक्ष यात्री के नाम घोषित किए हैं। यह मिशन स्पेसएक्स और ब्लू ओरिजिन के चंद्रयानों का पहली बार कक्षा में परीक्षण करेगा। अमरीकी अंतरिक्ष यात्री आंद्रे डगलस, फ्रैंक रुबियो और रैंडी ब्रेसनिक तथा यूरोपीय अंतरिक्ष एजेंसी के इतालवी अंतरिक्ष यात्री लुका परमिटानो आर्टेमिस तृतीय के चालक दल में शामिल होंगे।
चार सदस्यीय यह मिशन एलन मस्क की स्पेसएक्स और जेफ बेजोस की ब्लू ओरिजिन के चंद्रयानों का पहली बार अंतरिक्ष में परीक्षण करेगा, जिसमें एक-एक करके नाजुक डॉकिंग का प्रदर्शन किया जाएगा। ह्यूस्टन में आयोजित एक समारोह में, नासा के प्रशासक जेरेड आइज़ैकमान ने घोषणा की कि अनुभवी अंतरिक्ष यात्री रैंडी ब्रेसनिक कमांडर के रूप में, आंद्रे डगलस और फ्रैंक रुबियो मिशन विशेषज्ञ के रूप में तथा यूरोपीय अंतरिक्ष एजेंसी के लुका परमिटानो पायलट के रूप में कार्य करेंगे। नासा के अंतरिक्ष यात्री बॉब हाइन्स को बैकअप चालक दल के सदस्य के रूप में नामित किया गया है और वे मुख्य चालक दल के साथ प्रशिक्षण लेंगे।