मई 29, 2026 9:15 अपराह्न

printer

म्यांमा के राष्ट्रपति यू मिन आंग ह्लाइंग कल भारत पहुंचेंगे, प्रधानमंत्री मोदी से करेंगे द्विपक्षीय वार्ता

म्यांमा के राष्ट्रपति यू मिन आंग ह्लाइंग कल से तीन जून तक भारत यात्रा पर आ रहे हैं। आज नई दिल्ली में विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने संवाददाताओं को बताया कि प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी और म्यांमा के राष्ट्रपति के बीच द्विपक्षीय वार्ता में आपसी संबंधों को प्रगाढ़ करने के तरीकों पर चर्चा होगी।

भारत-चीन सीमा मामलों पर परामर्श और समन्वय के लिए गठित कार्य समिति की हाल की बैठक के बारे में श्री जायसवाल ने कहा कि चर्चा रचनात्मक रही। उन्होंने बताया कि दोनों पक्षों ने परिसीमन, सीमा प्रबंधन, कार्य तंत्र निर्माण और सीमा सहयोग से संबंधित मुद्दों पर चर्चा की। उन्होंने यह भी कहा कि भारत ने सीमापार नदियों पर अगली विशेषज्ञ समिति की शीघ्र बैठक बुलाने पर जोर दिया।

एक प्रश्न के उत्तर में विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि भारत ने अफ्रीका सीडीसी को चिकित्सा सामग्री की पहली खेप भेज दी है। इसे युगांडा में भारतीय उच्चायुक्त ने सीडीसीए कार्यालय को सौंप दिया है। उन्होंने कहा कि भारत अफ्रीका महाद्वीप में जन स्वास्थ्य जरूरतों के लिये   हर संभव सहायता करने को तत्पर है।

बांग्लादेश के अवैध प्रवासियों के बारे में श्री जायसवाल ने कहा कि भारत में रह रहे सभी अवैध नागरिकों के खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि भारत ने लोगों की राष्ट्रीयता सत्यापित करने के लिए दो हजार 680 से अधिक मामले बांग्लादेश को भेजे हैं। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीयता सत्यापन हो जाने के बाद भारत इन बांग्लादेशी नागरिकों को निर्वासित कर सकेगा। उन्होंने यह भी बताया कि कई मामलों में यह सत्यापन पांच वर्ष से अधिक समय से लंबित है।

श्री जायसवाल ने बताया कि फारस की खाड़ी क्षेत्र में अभी भी ग्यारह भारतीय ध्वज वाले जहाज मौजूद हैं और चौदह जहाज होर्मुज जल-डमरू-मध्य  पार करके भारत पहुँचने में सफल रहे हैं।

भारत और अमरीका के बीच व्यापार वार्ता के बारे में प्रवक्ता ने बताया कि भारतीय व्यापार दल ने अप्रैल में अमरीका का दौरा किया था। अगले सप्ताह अमरीका के व्‍यापारिक दल के भी भारत आने की उम्मीद है।

 श्री जायसवाल ने ऊर्जा सुरक्षा पर बल देते हुए कहा कि भारत विश्व भर से ऊर्जा स्रोतों में विविधता लाने के प्रयास कर रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि इस संबंध में भारत, वैश्विक बाजारों से मिलने वाले समर्थन का स्वागत करता है।

बोलीविया में अशांति के बारे में श्री जायसवाल ने बताया कि भारत स्थिति पर नजर रखे हुए है।

सर्वाधिक पठित
सम्पूर्ण जानकारी arrow-right

कोई पोस्ट नहीं मिला