अक्टूबर में म्यूचुअल फंड उद्योग में जोरदार सुधार देखने को मिला है। इस दौरान म्यूचुअल फंड में शुद्ध निवेश बढ़कर करीब एक लाख 74 हजार करोड़ रुपये पर पहुंच गया जबकि सितंबर में एक लाख 33 हजार करोड़ रुपये की शुद्ध निकासी दर्ज की गई थी। इस सुधार की मुख्य वजह ऋण आधारित म्यूचुअल फंड योजनाओं में भारी निवेश रहा। लेकिन, इक्विटी म्यूचुअल फंड योजनाओं में निवेश की रफ्तार कुछ धीमी पड़ी। एसोसिएशन ऑफ म्यूचुअल फंड्स इन इंडिया द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, अक्टूबर में ऋण यानी डेट म्यूचुअल फंड योजनाओं में एक लाख 13 हजार करोड़ रुपये से अधिक का शुद्ध निवेश आया। इसके उलट सितंबर में इन योजनाओं से निकासी हुई थी।
इक्विटी म्यूचुअल फंड योजनाओं में अक्टूबर के दौरान शुद्ध निवेश करीब 13.9 प्रतिशत गिरकर 32 हजार 994 करोड़ रुपये रह गया। इक्विटी फंड की 13 श्रेणियों में सबसे ज्यादा निवेश लार्ज और मिड कैप फंड्स में आया। इन योजनाओं में 8 हजार 484 करोड़ रुपये का शुद्ध निवेश दर्ज किया गया। सितंबर में यह आंकड़ा 4 हजार 271 करोड़ रुपये था। अक्टूबर में इस श्रेणी में निवेश लगभग 99 प्रतिशत बढ़ा। इसके बाद स्मॉलकैप, फ्लेक्सीकैप और मिडकैप फंड का स्थान रहा। हालांकि, इक्विटी लिंक्ड सेविंग स्कीम यानी ईएलएसएस और डिविडेंड यील्ड फंड से पिछले महीने शुद्ध निकासी दर्ज की गई।
सिस्टमैटिक इन्वेस्टमेंट प्लान यानी एसआईपी के जरिए होने वाला निवेश अक्टूबर में एक प्रतिशत घटकर 32 हजार 162 करोड़ रुपये रह गया। सितंबर में एसआईपी के जरिए रिकॉर्ड 32 हजार 490 करोड़ रुपये का निवेश आया था।