अल्पसंख्यक मामलों के मंत्रालय ने आज अल्पसंख्यक युवाओं के कौशल विकास को बढ़ावा देने के लिए प्रधानमंत्री विकास योजना के तहत भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान पटना (आईआईटी पटना) के साथ एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए हैं। मंत्रालय ने बताया कि इस पहल के तहत बिहार के 600 अल्पसंख्यक युवाओं को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस टेक्नोक्रेट और बिजनेस एनालिटिक्स एक्जीक्यूटिव जैसे उभरते रोजगार पदों के लिए प्रशिक्षित किया जाएगा। इस कार्यक्रम का उद्देश्य प्रतिभागियों को उद्योग से संबंधित कौशल प्रदान करना और उनकी रोजगार क्षमता में सुधार करना है।
यह सहयोग प्रधानमंत्री विरासत का संवर्धन योजना का हिस्सा है, जिसका उद्देश्य आधुनिक, प्रौद्योगिकी-आधारित प्रशिक्षण के माध्यम से कौशल अंतर को कम करना और स्थायी आजीविका के अवसर पैदा करना है। मंत्रालय ने कहा कि आईआईटी पटना जैसे प्रमुख संस्थानों के साथ साझेदारी से लाभार्थियों के लिए गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण, बेहतर उद्योग अनुभव और बेहतर रोजगार के अवसर सुनिश्चित होंगे। यह समझौता मंत्रालय की निदेशक नेहा गिरी और आईआईटी पटना के निदेशक प्रोफेसर टी. एन. सिंह के साथ-साथ वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति में संपन्न हुआ।