केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड-सीबीएसई की 12वीं कक्षा के परिणाम घोषित होने के बाद शिकायत निवारण के लिए 70 हजार से अधिक विद्यार्थियों के आवेदन प्राप्त हुए हैं। इनमें अंकों के सत्यापन के लिए सात हजार तीन सौ 14 आवेदन और पुनर्मूल्यांकन के लिए 63 हजार से अधिक आवेदन प्राप्त हुए हैं। बोर्ड ने मंगलवार को उत्तर पुस्तिकाओं की स्कैन की गई प्रतियों में कमियों के सत्यापन और उत्तरों के पुनर्मूल्यांकन के लिए ऑनलाइन पोर्टल खोला था।
13 मई को 12वीं के परिणाम घोषित होने के बाद, कुछ विद्यार्थियों ने दिए गए अंकों से असंतोष व्यक्त किया और ऑन-स्क्रीन मार्किंग सिस्टम के अंतर्गत मूल्यांकन की सटीकता पर सवाल उठाए। इसके बाद शिक्षा मंत्रालय ने इस प्रणाली के कार्यान्वयन और खरीद संबंधी पहलुओं की समीक्षा शुरू की। जवाबदेही और विश्वास निर्माण उपायों के अंतर्गत बोर्ड के अध्यक्ष राहुल सिंह और सचिव हिमांशु गुप्ता का तबादला कर दिया गया और प्रशांत लोखंडे को नया अध्यक्ष नियुक्त किया गया। 2 जून को सरकार ने संबंधित पहलुओं की जांच करने के लिए क्षमता निर्माण आयोग की अध्यक्ष एस. राधा चौहान की अध्यक्षता में एक स्वतंत्र जांच का आदेश दिया था।