सितम्बर 18, 2026 2:06 अपराह्न

printer

मूडीज ने चालू वित्त वर्ष में भारत की जीडीपी वृद्धि दर का अनुमान 6 से बढ़ाकर 7 प्रतिशत किया

वैश्विक रेटिंग एजेंसी-मूडीज ने चालू वित्‍त वर्ष के लिए भारत के वास्‍तविक जीडीपी वृद्धि दर अनुमान को 6% से बढ़ाकर 7% कर दिया है। एजेंसी ने कहा है कि यह संशोधन पश्चिम-एशिया में संघर्ष के कारण उत्‍पन्‍न अनिश्चिताओं के बीच भारतीय अर्थव्‍यवस्‍था की मजबूती को दर्शाता है। एजेंसी ने आशा व्‍यक्‍त की कि भारत सभी अन्‍य जी-20 अर्थव्‍यवस्‍थाओं की तुलना में तेज रफ्तार से बढ़ना जारी रखेगा। 
 
रेटिंग एजेंसी मूडीज ने कहा है कि 2026 की पहली तिमाही में वार्षिक आधार पर भारत की वास्‍तविक जीडीपी वृद्धि दर 8.2% रही जबकि 2025 में यह 7.3% थी। यह मजबूत निजी खपत, निवेश, बुनियादी ढांचे पर सरकार के लगातार खर्च, सेवा क्षेत्र की मजबूती और निजी निवेश में तेजी के कारण संभव हुआ है। 
 
हालांकि एजेंसी ने आगाह किया है कि अल नीनो से जुड़े व्‍यवधानों के कारण खाद्य कीमतों में बढ़ोतरी हो सकती है और निजी खपत पर इसका असर पड़ सकता है। अधिक ऊर्जा और उवर्रक आयात लागत, कमजोर बाहरी मांग और पश्चिम एशिया से प्रवासियों द्वारा भेजे जाने वाली राशि में कमी से मौजूदा खाता घाटा बढ़ सकता है और आर्थिक वृद्धि धीमी हो सकती है।