केंद्रीय संस्कृति और पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा है कि मोदी सरकार भारत की सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण और जीर्णोद्धार के लिए प्रतिबद्ध है। आकाशवाणी समाचार के साथ विशेष साक्षात्कार में उन्होंने बताया कि चोरी या तस्करी की गई प्राचीन वस्तुओं को विदेशों से वापस लाने के अभियान के तहत अब तक 670 मूर्तियां और कलाकृतियां वापस लाई जा चुकी हैं। श्री शेखावत ने विश्वास प्रकट किया कि इस वर्ष के अंत तक यह संख्या एक हजार का आंकड़ा पार कर जाएगी।
भारत की बौद्धिक और सभ्यतागत विरासत की सुरक्षा की दिशा में ‘ज्ञान भारतम् मिशन’ को ऐतिहासिक पहल बताते हुए मंत्री ने कहा कि इस मिशन के तहत सरकार ने राष्ट्रव्यापी सर्वेक्षण शुरू किया है। इसमें नागरिकों के पास सुरक्षित पांडुलिपियों का विवरण साझा करने का आग्रह किया गया है। उन्होंने कहा कि अब तक एक करोड 90 लाख से अधिक पांडुलिपियां अपलोड की जा चुकी हैं, जिनमें से एक करोड 8 लाख से अधिक का सत्यापन कर राष्ट्रीय भंडार में शामिल किया गया है।
यह साक्षात्कार आज शाम सात बजकर 10 मिनट पर हमारी विशेष श्रृंखला ’12 साल विश्वास के, विकास के, जन कल्याण के’ में प्रसारित किया जाएगा। इसे रात 11 बजकर 10 मिनट पर 100.1 मेगाहर्ट्ज आकाशवाणी एफएम गोल्ड और अतिरिक्त मीटरों पर पुनः प्रसारित किया जाएगा।