सितम्बर 4, 2026 5:06 अपराह्न

printer

मिजोरम विद्युत विभाग 7 सितंबर से चार दिवसीय विशेष शिकायत निवारण अभियान चलाएगा

मिजोरम विद्युत विभाग सात से दस सितंबर तक चार दिवसीय विशेष शिकायत निवारण अभियान चलाएगा। अधिकारियों ने बताया कि इस अभियान का उद्देश्य आइजोल निवासियों की बिजली बिल और स्मार्ट मीटर संबंधी शिकायतों का समाधान करना है।

स्मार्ट मीटर लगाने के बाद बिजली बिलों में वृद्धि की बढ़ती शिकायतों के कारण यह पहल की जा रही है। हाल ही में कुछ उपभोक्ताओं ने आइजोल में बिजली बिलों के खिलाफ प्रदर्शन किया था। अभियान के अंतर्गत आइजोल के सभी बिजली बिल काउंटरों पर विशेष शिकायत बूथ खोले जाएंगे। इन शिकायत बूथों पर विशेष अधिकारियों और कर्मचारियों को उपभोक्ताओं की शिकायतें प्राप्त करने और उनका समाधान करने के लिए तैनात किया जाएगा।

बिजली बिल या स्मार्ट मीटर से संबंधित समस्याओं से पीडित उपभोक्ता अपने संबंधित बिल काउंटरों पर व्यक्तिगत रूप से शिकायतें दर्ज करा सकते हैं। जहां तक संभव होगा शिकायतों का मौके पर ही समाधान किया जाएगा।

विद्युत विभाग ने उपभोक्ताओं से आग्रह किया है कि वे इस अभियान का लाभ उठाएं और नियमित शिकायत निवारण की प्रतीक्षा करने के बजाय अपने-अपने क्षेत्रों में बिल काउंटर पर शिकायतें दर्ज कराएं।

चार दिवसीय अभियान के दौरान विभाग के सचिव और मुख्य अभियंता शिकायत बूथों की कड़ी निगरानी करेंगे।

इस बीच, विभाग के अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि स्मार्ट मीटर लगाने का मतलब यह नहीं है कि उपभोक्ताओं के बिजली बिल स्वतः ही बढ़ जाएंगे।

हालांकि, उन्होंने कई ऐसे कारकों की पहचान की है जिनसे नए मीटर लगने के बाद बिल बढ़ सकते हैं। अधिकारियों के अनुसार, स्मार्ट मीटर लगने के बाद प्रारंभिक बिलिंग चक्र सामान्य से अधिक लंबा होने के कारण पहला बिल अधिक हो सकता है। उन्होंने यह भी कहा कि मीटर की खराबी, कर्मचारियों की कमी या मानवीय त्रुटि के कारण पुराने मीटरों में गलत रीडिंग दर्ज हो सकती है।

सर्वाधिक पठित
सम्पूर्ण जानकारी arrow-right

कोई पोस्ट नहीं मिला