अल्पसंख्यक कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने आज दक्षिण गोवा में आयोजित एक विशेष जनसंपर्क कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रीय अल्पसंख्यक विकास एवं वित्त निगम-एन.एम.डी.एफ.सी. के लाभार्थियों से बातचीत की। सभा को संबोधित करते हुए श्री रिजिजू ने अल्पसंख्यक समुदायों के कल्याण और सशक्तिकरण के प्रति अल्पसंख्यक मामलों के मंत्रालय की प्रतिबद्धता को दोहराया। उन्होंने बताया कि एन.एम.डी.एफ.सी. के कार्यक्रम कौशल विकास, उद्यमिता और वित्तीय समावेशन को बढ़ावा देने के लिए बनाए गए हैं, इनमें युवाओं और महिलाओं पर विशेष ध्यान दिया गया है।
केंद्रीय मंत्री ने गोवा की आर्थिक स्थिति पर कहा कि राज्य की प्रति व्यक्ति आय काफी अधिक है, जिसका मुख्य कारण पर्यटन, आतिथ्य, मत्स्य पालन और पूर्व में खनन गतिविधियां हैं।
श्री रिजिजू ने अल्पसंख्यक कल्याण के लिए आवंटित धनराशि का पर्याप्त उपयोग नहीं हो पाने पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने महिलाओं एवं युवाओं में उद्यमिता को प्रोत्साहित करने के लिए अधिक प्रभावी पहलों की आवश्यकता पर बल दिया।
रिजिजू ने भारत की सांस्कृतिक विविधता और विभिन्न धार्मिक समुदायों के बीच सद्भाव बनाए रखने के महत्व पर भी जोर दिया। उन्होंने सोशल मीडिया के युग में गलत सूचना और फर्जी खबरों से निपटने के लिए सामूहिक प्रयासों का आह्वान किया।