वस्त्र मंत्रालय ने आज नई दिल्ली में वस्त्र उद्योग विकास परिषद (डीसीटीआई) की पहली बैठक आयोजित की। बैठक में उत्पादन, नए प्रयोग और वैश्विक बाजार तक पहुंच बढ़ाने के लिए पूरी मूल्य श्रृंखला के स्तर पर मिलकर काम करने पर जोर दिया गया।
मंत्रालय की सचिव नीलम शमी राव की अध्यक्षता में हुई बैठक में मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ उद्योग संघों, निर्यात संवर्धन परिषदों, अनुसंधान संस्थानों, राज्य सरकारों और इस क्षेत्र के विशेषज्ञों ने भाग लिया। बैठक को सम्बोधित करते हुए श्रीमती राव ने कहा कि वस्त्र और परिधान क्षेत्र देश में सबसे अधिक रोजगार देने वाले और निर्यात से आय अर्जित करने वाले प्रमुख क्षेत्रों में शामिल हैं।
बैठक में उत्पादन और उत्पादकता, अनुसंधान और विकास, निर्यात और बाजार तक पहुंच, कच्चे माल और अन्य जरूरी सामग्री की उपलब्धता, निवेश, कौशल विकास और पर्यावरणीय स्थिरता जैसे विषयों पर चर्चा की गई।