अक्टूबर 6, 2026 7:23 अपराह्न

printer

सांख्यिकी मंत्रालय ने सेवा उत्पादन सूचकांक का दायरा बढ़ाने के लिए कार्य-योजना का मसौदा जारी किया

सांख्यिकी और कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्रालय ने सेवा उत्पादन सूचकांक के दायरे को बढ़ाने के लिए कार्य-योजना का मसौदा जारी किया है। इसका उद्देश्‍य मौजूदा कमियों को दूर करना और सेवा क्षेत्र का व्यापक सूचकांक तैयार करना है।

मंत्रालय ने कहा है कि सेवा क्षेत्र भारत की आर्थिक वृद्धि के मुख्य इंजन के तौर पर स्थापित हो चुका है और देश के सकल मूल्य वर्धन में आधे से ज़्यादा योगदान देता है। इस अहम प्रदर्शन पर सही ढंग से नज़र रखने के लिए, मंत्रालय ने जुलाई 2026 में ट्रायल के तौर पर औपचारिक क्षेत्र के लिए सेवा उत्पादन सूचकांक का मासिक संकलन शुरू किया। इसमें 2024-25 को आधार वर्ष माना गया है।

शुरुआती कार्य योजना में सेवा क्षेत्र के 19 बड़े उप-क्षेत्रों को शामिल किया गया है, जिसके लिए अक्सर मिलने वाले प्रशासनिक डेटा स्रोतों और सकल घरेलू उत्‍पाद के अंतर्गत बाहरी आपूर्ति के आंकड़ों का प्रयोग किया जाता है। हालांकि, सरकार के मुख्य काम, गैर-बाज़ार गतिविधियां और GST से छूट प्राप्त सेवाओं को मौजूदा फ्रेमवर्क में शामिल नहीं किया गया है। इस मसौदे में उन तीन बड़े सेवा क्षेत्रों को शामिल करने के तरीकों के बारे में बताया गया है जिन्हें पहले छोड़ दिया गया था। ये क्षेत्र हैं – शिक्षा, मानव स्वास्थ्य और आवासीय देखभाल, तथा लोक प्रशासन और रक्षा। मंत्रालय ने प्रस्तावित कार्यप्रणाली पर विशेषज्ञों, शिक्षाविदों और अन्य संबंधित लोगों से सुझाव मांगे हैं। यह मसौदा मंत्रालय की वेबसाइट www.mospi.gov.in पर उपलब्ध है। लोग अपनी राय और सुझाव 16 अक्टूबर, 2026 तक ddgec.esd@mospi.gov.in ईमेल आईडी पर भेज सकते हैं।

सर्वाधिक पठित
सम्पूर्ण जानकारी arrow-right

कोई पोस्ट नहीं मिला