सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्रालय वरिष्ठ नागरिकों के अनुभव, ज्ञान और योगदान को सम्मान देने तथा विभिन्न पीढ़ियों के बीच आपसी संबंध मजबूत करने के लिए कल नई दिल्ली में ‘वयो सम्मान राष्ट्रीय अभियान’ शुरू करेगा। अभियान का औपचारिक शुभारंभ सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्री वीरेंद्र कुमार करेंगे। इसका उद्देश्य वरिष्ठ नागरिकों और युवा पीढ़ी के बीच सार्थक और निरंतर संवाद तथा सहभागिता को बढ़ावा देना है। अभियान के माध्यम से युवाओं में वरिष्ठ नागरिकों के प्रति आपसी सम्मान, समझ, सहयोग और जिम्मेदारी की भावना विकसित करने का प्रयास किया जाएगा।
अभियान में विभिन्न पीढ़ियों के बीच संबंधों को एक सामुदायिक आंदोलन के रूप में आगे बढ़ाने की परिकल्पना की गई है। इसके अंतर्गत परिवारों, शैक्षणिक संस्थानों, युवा संगठनों, स्वयंसेवी संस्थाओं और स्थानीय संगठनों को विभिन्न पीढ़ियों के बीच सार्थक संवाद और सहयोग के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा।