सूचना और प्रसारण मंत्रालय ने अपने कार्यालयों और मीडिया इकाइयों में स्वच्छता, रिकॉर्ड के बेहतर रखरखाव और लंबित मामलों के निपटारे के लिए विशेष अभियान के छठे चरण को सफलतापूर्वक पूरा किया।
अभियान के दौरान एक लाख 63 हजार 213 किलोग्राम से अधिक कबाड़ का निपटारा किया गया, जिससे 40 हजार 278 वर्ग फुट कार्यालय की जगह खाली हुई। इसके अलावा, खुले स्थानों पर स्वच्छता के एक हजार 348 से अधिक अभियान चलाए गए और लगभग एक हजार 519 स्थानों की सफाई की गई।
सूचना और प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने अभियान की तैयारियों के दौरान मंत्रालय और उसकी मीडिया इकाइयों के वरिष्ठ अधिकारियों से बातचीत की। उन्होंने आम जनता से जुड़े कार्यालयों को प्राथमिकता देने पर बल दिया।
मंत्रालय के अनुसार, आकाशवाणी केंद्रों ने कोलकाता में पुरानी फाइलों और कागजों का निपटारा किया, कटक में बरगद के पेड़ के आसपास के उपेक्षित क्षेत्र को साफ किया और गुजरात के हिम्मतनगर में पुरानी बेकार डिश को सुरक्षा कर्मियों के बैठने के लिए उपयोगी बनाया।
इसके अलावा, देहरादून दूरदर्शन केंद्र, अहमदाबाद स्थित पीआईबी और सीबीसी कार्यालयों तथा नई दिल्ली के प्रकाशन विभाग में भी सफाई अभियान चलाए गए। मंत्रालय ने कहा कि यह अभियान स्वच्छता, रिकॉर्ड प्रबंधन, लंबित मामलों के समय पर निपटारे और बेहतर जनसेवाओं के प्रति उसकी प्रतिबद्धता को दर्शाता है।