नवीन और नवीकरणीय ऊर्जा राज्य मंत्री श्रीपद येस्सो नायक ने क्षेत्रीय ऊर्जा सहयोग, ऊर्जा सुरक्षा और एक सुरक्षित, लचीली, किफायती और टिकाऊ ऊर्जा भविष्य को मजबूत करने के लिए भारत की प्रतिबद्धता पर जोर दिया। श्री नायक ने आज फिलीपींस के मनीला में आयोजित 20वें पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन ऊर्जा मंत्रियों की बैठक में भारत का प्रतिनिधित्व किया। भारत की एक्ट ईस्ट नीति और आसियान के साथ व्यापक रणनीतिक साझेदारी पर बल देते हुए, श्री नायक ने ऊर्जा सहयोग के लिए आसियान कार्य योजना 2026-2030 का स्वागत किया।
उन्होंने आसियान विद्युत ग्रिड, क्षेत्रीय विद्युत पारेषण, बहुपक्षीय विद्युत व्यापार, स्वच्छ ऊर्जा और ऊर्जा सुरक्षा सहित आसियान-भारत कार्य योजना 2026-2030 के तहत सहयोग पर भी बल दिया। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा 2025 में 22वें आसियान-भारत शिखर सम्मेलन में ग्रिड कनेक्टिविटी पर 400 पेशेवरों के प्रशिक्षण के माध्यम से आसियान विद्युत ग्रिड पहल का समर्थन करने की घोषणा को भी याद किया।
श्री नायक ने नवीकरणीय ऊर्जा के बड़े पैमाने पर उपयोग, ग्रिड एकीकरण, पारेषण नियोजन, ऊर्जा भंडारण, हरित हाइड्रोजन और स्वच्छ ऊर्जा प्रौद्योगिकियों में अपने अनुभव को पूर्वी एशियाई संघ-ईएएस के सदस्य देशों के साथ साझा करने की भारत की तत्परता व्यक्त की। उन्होंने आसियान विद्युत ग्रिड पर संवर्धित समझौता ज्ञापन को कार्यान्वित करने और बहुपक्षीय विद्युत व्यापार को गहरा करने के आसियान के प्रयासों के लिए भारत के समर्थन की पुष्टि की।