जून 22, 2026 7:02 अपराह्न

printer

गृह राज्य मंत्री बंडी संजय कुमार ने कहा, राष्‍ट्रीय विकास में सीआईएसएफ की भूमिका महत्‍वपूर्ण

गृह राज्य मंत्री बंडी संजय कुमार ने कहा है कि राष्‍ट्रीय विकास में केन्‍द्रीय औद्योगिकी सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) की बहुत महत्‍वपूर्ण भूमिका है। उन्‍होंनें कहा कि राष्‍ट्र के आर्थिक विकास में सीआईएसएफ के जवानों का बड़ा योगदान होता है। नई दिल्‍ली में आज सीआईएसएफ के नए मुख्‍यालय भवन की आधारशिला रखते हुए उन्‍होंने यह बात कही।

श्री कुमार ने सीआईएसएफ की परियोजना मान की सराहना करते हुए कहा कि इसके माध्यम से हजारों जवानों और उनके परिवारों को मानसिक स्वास्थ्य और परामर्श सेवाएं प्रदान की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों के कल्याण के लिए कई कदम उठाए गए हैं। इनमें आयुष्मान सीएपीएफ के तहत कैशलेस स्वास्थ्य सुविधा भी शामिल है।

इस अवसर पर उन्‍होंने 130 करोड़ रुपये से अधिक लागत वाली सीआईएसएफ की विभिन्न आधारभूत परियोजनाओं का उद्घाटन और लोकार्पण भी किया। कार्यक्रम के दौरान व्यक्तिगत दुर्घटना बीमा योजना के तहत दिवंगत सीआईएसएफ कर्मियों के परिजनों को एक-एक करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता प्रदान की गई। साथ ही, बल के दिव्यांग आश्रित बच्चों को विशेष रूप से डिजाइन की गई मोटर चालित व्हीलचेयर भी वितरित की गईं।

गृह मंत्रालय के अनुसार, केंद्रीय लोक निर्माण विभाग द्वारा लगभग 75 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित किया जा रहा जो नया सीआईएसएफ मुख्यालय भवन बल की प्रशासनिक, परिचालन और रणनीतिक गतिविधियों का प्रमुख केंद्र होगा।