नवम्बर 11, 2026 6:07 अपराह्न

printer

मेघालय: पश्चिमी गारो हिल्स के चिब्राग्रे में शुरू हुआ वांगाला उत्सव

मेघालय के पश्चिमी गारो हिल्स जिले के चिब्राग्रे में आज वांगाला उत्सव शुरू हुआ। वांगाला उत्सव को 100 ढोल उत्‍सव के नाम से भी जाना जाता है। इसके पहले दिन गारो समुदाय की समृद्ध परंपराओं, संगीत और सांस्कृतिक विरासत की झलक देखने को मिली। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण एक हजार पारंपरिक ढोल की सामूहिक प्रस्तुति रही।

मुख्यमंत्री कॉनराड के. संगमा ने भी विधायकों और अधिकारियों के साथ ढोल बजाकर इस आयोजन में हिस्सा लिया। उन्होंने तीन सौ स्टॉल वाली हथकरघा और हस्तशिल्प प्रदर्शनी का उद्घाटन किया और पारंपरिक व्यंजनों का स्वाद भी लिया।

100 ढोल वांगला उत्‍सव गारो जनजाति का प्रमुख फसल उत्सव है। यह अच्छी फसल के लिए सूर्य देवता मिसी सालजोंग के प्रति आभार व्यक्त करने के लिए मनाया जाता है। उत्सव में मेघालय के राज्यपाल चंद्रशेखर एच. विजयशंकर, केंद्रीय पर्यटन और संस्कृति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत तथा असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा भी शामिल होंगे।

उत्सव के दौरान एक हजार ढोल की सामूहिक प्रस्तुति, लोक सांस्कृतिक कार्यक्रम और गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाने का प्रयास मुख्य आकर्षण होंगे। इस वर्ष उत्सव की स्वर्ण जयंती मनाई जा रही है।