अप्रैल 17, 2026 5:46 अपराह्न

printer

विदेश मंत्रालय ने बताया- संघर्ष के बाद से ईरान से 2361 भारतीयों को सुरक्षित स्वदेश लाया गया

विदेश मंत्रालय ने बताया है कि पश्चिम एशिया संघर्ष शुरू होने के बाद से ईरान से 2361 भारतीय नागरिकों को सुरक्षित स्‍वदेश लाया गया है।  मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने आज नई दिल्ली में बताया कि इनमें से 2060 भारतीय आर्मेनिया के रास्ते और 301 अजरबैजान के रास्‍ते वापस आए हैं।

श्री जायसवाल ने कहा कि भारत ने मार्च में बांग्लादेश को 22 हजार मीट्रिक टन हाई-स्पीड डीजल और श्रीलंका को 38 हजार मीट्रिक टन पेट्रोलियम उत्पाद उपलब्ध कराए हैं। बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना के बारे में उन्‍होंने कहा कि वहां चल रही कानूनी प्रक्रियाओं के अंतर्गत किये गये अनुरोध की जांच की जा रही है।

भगोड़े कारोबारी नीरव मोदी के भारत प्रत्यर्पण पर श्री जायसवाल ने कहा कि भारत इस बारे में ब्रिटेन के साथ संपर्क में है। प्रवक्ता ने 33वें संयुक्त राष्ट्र जलवायु परिवर्तन सम्मेलन से भारत के हटने की पुष्टि भी की।