झारखंड के रामगढ़ जिले में मां छिन्नमस्तिका सीमेंट एंड स्टील पावर प्लांट में कल रात टरबाइन में तेज धमाके के बाद भीषण आग लग गई। इस हादसे में तीन इंजीनियरों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हुआ है। मृतकों की पहचान रांची के संजीव कुमार केसरी, बोकारो के विनीत महतो और गढ़वा के अभिषेक पांडे के रूप में हुई है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, अत्यधिक तापमान के कारण प्लांट का प्रोटेक्शन सिस्टम काम नहीं कर पाया। इससे टरबाइन की गति अचानक बढ़ गई और उसमें विस्फोट हो गया। दुर्घटना की सूचना मिलते ही कई दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। काफी प्रयासों के बाद आग पर काबू पाया गया।
प्लांट कर्मचारियों का आरोप है कि कंट्रोल रूम में बढ़ते तापमान और पर्याप्त कूलिंग व्यवस्था नहीं होने की जानकारी प्रबंधन को पहले ही दी गई थी, लेकिन समय पर कोई कार्रवाई नहीं की गई।
हादसे से नाराज ग्रामीणों और स्थानीय लोगों ने आज मुआवजे और प्रभावित परिवारों के सदस्यों को नौकरी देने की मांग को लेकर रामगढ़-पतरातू मार्ग जाम कर दिया।