ईरान के पूर्व सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई के अंतिम संस्कार के लिए आज तेहरान में राजनीतिक, सैन्य और धार्मिक नेतृत्व ने सामूहिक प्रार्थना में भाग लिया।
सरकारी टेलीविजन के अनुसार ग्रैंड मोसाला में आयोजित प्रार्थना सभा में खामेनेई के तीनों पुत्रों के साथ राष्ट्रपति मसूद पेज़ेश्कियन, संसद अध्यक्ष मोहम्मद बगेर ग़ालिबफ़ और वरिष्ठ सैन्य अधिकारी उपस्थित रहें। हालांकि, उनके उत्तराधिकारी मोजतबा खामेनेई इस सभा में शामिल नहीं थे।28 फरवरी को इस्राएल और अमरीका के हवाई हमलों में अयातुल्ला अली खामेनेई उनके परिवार के कई सदस्यों और अन्य वरिष्ठ ईरानी अधिकारियों की मौत के बाद से मोजतबा खामेनेई सार्वजनिक रूप से दिखाई नहीं दिए हैं। मोजतबा खामेनेई ने अपने पिता का स्थान लिया है, लेकिन उनकी सार्वजनिक अनुपस्थिति ने ईरान के नए नेता के ठिकाने के बारे में सवाल खड़े कर दिए हैं।
अयातुल्ला अली खामेनेई की अंतिम यात्रा नौ जुलाई को मशहद में होगी। इसके बाद 40 दिनों तक सार्वजनिक शोक मनाया जाएगा।