जून 24, 2026 1:54 अपराह्न

printer

केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने सेंट्रल विस्टा कॉरिडोर के लिए निर्माण कार्य का शुभारंभ किया

आवास और शहरी मामलों के मंत्री मनोहर लाल ने राष्ट्रीय राजधानी दिल्‍ली में सेंट्रल विस्टा कॉरिडोर के लिए केंद्रीय सचिवालय मेट्रो स्टेशन पर निर्माण कार्य का शुभारंभ किया। संवाददाताओं से बात करते हुए उन्‍होंने इस क्षण को ऐतिहासिक बताया और कहा कि यह परियोजना आवागमन को सुगम बनाएगी। उन्होंने बताया कि यह परियोजना आर.के. आश्रम मार्ग से इंद्रप्रस्थ तक चलेगी। इसमें बीच में शिवाजी स्टेडियम पर स्टेशन भी शामिल होगा।
 
उन्होंने कहा कि पूरा होने पर, यह जनकपुरी पश्चिम से इंद्रलोक तक निर्बाध आवागमन सेवाएं प्रदान करेगी, जिससे एक पूर्ण लूप बनेगा।
 
यह स्टेशन चरण पांच-ए के अंतर्गत जनकपुरी पश्चिम से आर.के. आश्रम मार्ग तक मौजूदा मैजेंटा लाइन के विस्तार के रूप में विकसित किया जा रहा है। केन्‍द्रीय सचिवालय स्टेशन ट्रिपल इंटरचेंज स्टेशन बनेगा, जहां नया मैजेंटा लाइन स्टेशन मौजूदा येलो लाइन और वायलेट लाइन से निर्बाध रूप से जुड़ेगा। यह कॉरिडोर 9 किलोमीटर से अधिक लंबा है और इसमें भूमिगत नौ स्टेशन हैं।