महाराष्ट्र में 80वें स्वतंत्रता दिवस से पहले हर घर तिरंगा अभियान को ज़बरदस्त समर्थन मिला है। तिरंगा रैलियाँ, साइकिल और मोटरसाइकिल रैलियाँ, सांस्कृतिक कार्यक्रम और जागरूकता गतिविधियाँ आयोजित की जा रही हैं।
मुंबई में स्कूल और कॉलेज के लगभग डेढ हजार एनसीसी कैडेटों ने आज़ाद मैदान से फोर्ट तक तिरंगा रैली में भाग लिया और देशभक्ति, अनुशासन और राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया। रत्नागिरी में, नागरिकों, छात्रों और जन प्रतिनिधियों ने हो रही बारिश के बावजूद मारुति मंदिर से जयस्तंभ तक तिरंगा पदयात्रा में भाग लिया। यवतमाल में छात्र और नागरिकों ने तिरंगा पदयात्रा में भाग लिया, जिसमें छात्रों ने 250 फुट लंबा राष्ट्रीय ध्वज उठाया।
नवी मुंबई में स्कूली छात्रों और शिक्षकों ने तिरंगा रैलियाँ निकालीं और भारत के स्वतंत्रता संग्राम को उजागर करने वाली गतिविधियाँ आयोजित कीं। नागपुर में रेलवे अधिकारियों और कर्मचारियों ने तिरंगा रैली में भाग लिया और राष्ट्रीय एकता को बनाए रखने और राष्ट्रीय ध्वज का सम्मान करने की सामूहिक शपथ ली।
सांगली में बारिश के बीच साइकिल और ई-बाइक रैली का आयोजन किया गया, जबकि मिराज में डेढ सौ फुट लंबा राष्ट्रीय ध्वज लेकर तिरंगा पदयात्रा निकाली गई।