अप्रैल 22, 2026 3:35 अपराह्न

printer

महाराष्ट्र सरकार ने पहलगाम आतंकी हमले में मारे गए सैयद आदिल हुसैन शाह के परिवार के लिए आवास बनवाया

पहलगाम में पिछले साल 22 अप्रैल को हुए आतंकी हमले में मारे गए नागरिकों में से एक सैयद आदिल हुसैन शाह के आवास का उद्घाटन कल दक्षिण कश्मीर के अनंतनाग जिले के पहलगाम पर्यटन स्थल क्षेत्र में एक भव्य समारोह में किया गया। समारोह में महाराष्ट्र के वरिष्ठ नेता शामिल हुए। महाराष्ट्र सरकार में मंत्री संजय शिरसात और योगेश कदम इस अवसर पर उपस्थित थे। महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे वर्चुअल माध्यम से इसमें शामिल हुए।
 
शिवसेना नेता बाजीराव चव्हाण और शिवसेना के कश्मीर प्रदेश अध्यक्ष मोहम्मद शफी मगरे भी इस कार्यक्रम उपस्थित थे। उपस्थित लोगों ने शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए उनके बेहतर जीवन के लिए हर संभव सहायता का आश्वासन दिया।
 
इस बीच, पिछले साल 22 अप्रैल को हुए आतंकी हमले की पहली बरसी के मद्देनजर सुरक्षा बढ़ा दी गई है। पहलगाम के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल के बैसरन मैदान में हुए इस हमले में 25 पर्यटकों के साथ एक स्थानीय पोनी वाले की भी जान चली गई थी। इस हमले के बाद, पाकिस्तान अधिकृत जम्मू-कश्मीर और पाकिस्तान में सीमा पार आतंकवादी गतिविधियों को खत्म करने के लिए ऑपरेशन सिंदूर शुरू किया गया। जम्मू-कश्मीर के दोनों क्षेत्रों में, विशेष रूप से नियंत्रण रेखा और अंतरराष्ट्रीय सीमा पर सभी सुरक्षा एजेंसियों की संयुक्त गश्त को हाई अलर्ट पर रखा गया है।