महाराष्ट्र के जालना जिले में पांच हजार 348 लोगों ने एक साथ पर्यावरण अनुकूल शाडू मिट्टी से भगवान गणेश की मूर्तियों का निर्माण कर उल्लेखनीय विश्व कीर्तिमान बनाया है। इस उपलब्धि को गिनीज विश्व रिकॉर्ड और लिम्का बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में दर्ज किया गया है। यह आयोजन जालना में जे.ई.एस महाविद्यालय में आयोजित किया गया। इससे पहले बैंगलूरू में अगस्त 2022 में 3 हजार 308 प्रतिभागियों ने मूर्ति निर्माण का रिकॉर्ड बनाया था।
यह आयोजन जालना की जिलाधिकारी अशीमा मित्तल के नेतृत्व में जिला कलेक्ट्रेट, जिला परिषद, शिक्षा विभाग और एडविक क्लब के सहयोग से किया गया। इसका प्रमुख उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने और नागरिकों को शाडू मिट्टी से पर्यावरण अनुकूल गणेश मूर्तियों बनाने के लिए प्रेरित करना था।