लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा है कि लोकतंत्र संवाद, विचार-विमर्श, आम सहमति और असहमति के वातावरण में फलता-फूलता है। दिल्ली विधानसभा भवन में 1924 से 1930 तक केंद्रीय विधानसभा की सभी 407 बैठकों की कार्यवाही के 89 खंडों के अनूठे संकलन का आज विमोचन करते हुए उन्होंने यह बात कही। श्री बिरला ने कहा कि यह संग्रह भावी पीढ़ियों और लोकतांत्रिक संस्थाओं के लिए एक अमूल्य मार्गदर्शक साबित होगा। श्री बिरला ने कहा कि दिल्ली विधानसभा भवन देश की ऐतिहासिक लोकतांत्रिक चेतना, संसदीय परंपराओं और स्वतंत्रता आंदोलन का एक जीवंत प्रतीक और गौरवशाली विरासत है।
लोकसभा अध्यक्ष ने दिल्ली विधानसभा की पहली त्रैमासिक पत्रिका ‘विधान-चेतना’ का भी विमोचन किया। संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू, दिल्ली सरकार में मंत्री परवेश साहिब सिंह और दिल्ली विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता भी इस अवसर पर उपस्थित थे।