गैर-बैंकिंग वित्तीय कंपनियों -एनबीएफसी के ऋण वितरण में सितंबर 2026 के दौरान पिछले वर्ष की इसी अवधि की तुलना में 15.4 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई। पिछले वर्ष सितंबर में यह वृद्धि 13.3 प्रतिशत थी। भारतीय रिजर्व बैंक के आज जारी आंकड़ों के अनुसार, खुदरा ऋण में सबसे अधिक वृद्धि हुई। सितंबर 2026 में खुदरा ऋण 21.9 प्रतिशत बढ़ा, जबकि पिछले वर्ष इसी अवधि में यह वृद्धि 16.8 प्रतिशत थी।
खुदरा ऋण के अंतर्गत आवास, सोने के आभूषणों और वाहन ऋण में तेजी देखी गई। कृषि और इससे जुड़ी गतिविधियों के लिए दिए जाने वाले ऋण में भी उल्लेखनीय वृद्धि हुई। सितंबर 2026 में इस क्षेत्र में ऋण की वृद्धि दर 17.8 प्रतिशत रही, जबकि पिछले वर्ष इसी महीने में यह 5.2 प्रतिशत थी।
हालांकि, औद्योगिक क्षेत्र को दिए जाने वाले ऋण की वृद्धि दर घटकर 7.4 प्रतिशत रह गई, जो पिछले वर्ष 10.2 प्रतिशत थी। बुनियादी ढांचा क्षेत्र को मिलने वाले कर्ज की रफ्तार भी धीमी रही। सेवा क्षेत्र को दिए जाने वाले ऋण की वृद्धि दर भी पिछले वर्ष के 23 प्रतिशत से घटकर सितंबर में 17.3 प्रतिशत रह गई। वहीं, वाणिज्यिक रियल एस्टेट क्षेत्र को दिए जाने वाले ऋण में वृद्धि दर्ज की गई। व्यापार और परिवहन क्षेत्र से जुड़े कारोबारियों को मिलने वाले ऋण में भी तेजी आई। रिजर्व बैंक ने ये आंकड़े प्रमुख एनबीएफसी और आवास वित्त कंपनियों से जुटाए हैं। इन कंपनियों का इस क्षेत्र के कुल ऋण में लगभग 87 प्रतिशत हिस्सा है।