केरलम राज्य को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने और खाड़ी देशों के पर्यटकों को आकर्षित करने के लिए केरलम पर्यटन ने संयुक्त अरब अमीरात के पर्यटन उद्योग और हितधारकों के साथ दुबई में आयोजित अरेबियन ट्रैवल मार्केट में भाग लिया। अरेबियन ट्रैवल मार्केट अंतरराष्ट्रीय यात्रा और पर्यटन उद्योग के लिए एक प्रमुख वार्षिक व्यापार प्रदर्शनी है, जो 14 से 17 सितंबर तक दुबई में आयोजित की गई। यह आयोजन इनबाउंड और आउटबाउंड पर्यटन पेशेवरों के लिए एक वैश्विक व्यापार मंच के रूप में कार्य करता है।
दुबई में आयोजित केरलम ट्रैवल मीट में – ‘ग्रीन पीस – यल्ला केरलम’ की थीम पर आधारित प्रदर्शन किया और संयुक्त अरब अमीरात के उद्योग हितधारकों के साथ बातचीत की। राज्य के पर्यटन मंत्री पी. सी. विष्णुनाध ने राज्य को हर मौसम के लिए एक उपयुक्त गंतव्य बताया और इसके बैकवाटर, समुद्र तटों, प्राकृतिक परिदृश्यों, आयुर्वेद, स्वास्थ्य, संस्कृति और एडवेंचर टूरिज्म पर प्रकाश डाला।
केरलम के पर्यटन सचिव बिजू के. ने राज्य को एक विशिष्ट वैश्विक पर्यटन स्थल के रूप में प्रस्तुत किया, जिसमें प्रमुख अंतरराष्ट्रीय पर्यटन स्थलों की रैंकिंग और सूचियों में इसकी मान्यता को रेखांकित किया गया। उन्होंने संयुक्त अरब अमीरात के यात्रा व्यापार और हितधारकों को इस महीने के अंत में आयोजित होने वाले केरल ट्रैवल मार्ट 2026 में भाग लेने के लिए आमंत्रित किया।
दुबई में भारत के महावाणिज्यदूत डॉ. ई. विष्णु वर्धन रेड्डी ने भारत-संयुक्त अरब अमीरात के पर्यटन आदान-प्रदान को मजबूत करने में वाणिज्य दूतावास के समर्थन की पुष्टि की और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विकसित भारत के दृष्टिकोण में पर्यटन को एक महत्वपूर्ण क्षेत्र बताया।