केरलम में भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष राजीव चंद्रशेखर ने मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण-एसआईआर को लेकर कांग्रेस पर दोहरे मापदंड अपनाने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि एसआईआर पर केरलम् में कांग्रेस का रुख दिल्ली की आलोचना से अलग है।
श्री चंद्रशेखर ने आज नई दिल्ली में भारतीय जनता पार्टी मुख्यालय में एक संवाददाता सम्मेलन में आरोप लगाया कि केरलम में कांग्रेस और सीपीआई-एम मिलकर काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने भ्रष्टाचार से जुड़े मामलों की जांच से सीपीआई-एम को बचाने की कोशिश की है। इसके बदले सीपीआई-एम ने दिल्ली में एसआईआर के मुद्दे पर कांग्रेस का समर्थन किया।
श्री चंद्रशेखर ने दावा किया कि केरलम् के मुख्यमंत्री, गृह मंत्री और कांग्रेस के कई विधायकों ने पहले एसआईआर का स्वागत किया था। उन्होंने कहा था कि इससे दोहरे मतदाताओं को हटाने में मदद मिलेगी। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि केरलम में एसआईआर कराने वाले मुख्य निर्वाचन अधिकारी को बाद में मुख्यमंत्री का प्रधान सचिव नियुक्त किया गया।
राहुल गांधी की आलोचना करते हुए श्री चंद्रशेखर ने कहा कि कांग्रेस केरलम में अपने पहले के रुख के बावजूद दिल्ली में एसआईआर को लेकर विवाद खड़ा कर रही है।
युवाओं से जुड़े मुद्दों पर श्री चंद्रशेखर ने आरोप लगाया कि राज्य की कांग्रेस सरकार युवाओं के हितों की रक्षा करने और लंबे समय से प्रदर्शन कर रहे लोक सेवा आयोग के रैंक धारकों की चिंताओं को दूर करने में विफल रही है। उन्होंने आयोग में कथित अनियमितताओं पर सरकार की कार्रवाई पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि संस्थानों की स्वतंत्रता और चुनाव सुधारों पर कांग्रेस का रुख विरोधाभासी है।