जून 30, 2026 1:42 अपराह्न

printer

कर्नाटक में घर-घर मतदाता गणना शुरू, बीएलओ कर रहे विशेष गहन पुनरीक्षण के तहत सर्वे

कर्नाटक में आज से घर-घर जाकर मतदाता गणना शुरू हो गई है। ब्लॉक स्तर के अधिकारी (बीएलओ) विशेष गहन पुनरीक्षण-एसआईआर के तहत घरों का दौरा कर रहे हैं। इस कार्य के लिए राज्य भर के सभी 31 जिला निर्वाचन कार्यालयों में 59 हजार से अधिक बूथ स्तर के अधिकारी तैनात किए गए हैं। चार अतिरिक्त जिला निर्वाचन अधिकारी, 224 मतदाता पंजीकरण अधिकारी, 336 सहायक मतदाता पंजीकरण अधिकारी और 7556 बीएलओ पर्यवेक्षक भी पुनरीक्षण प्रक्रिया में शामिल हैं। राजनीतिक दलों ने बीएलओ के साथ काम करने के लिए 1.15 लाख से अधिक बूथ स्तर के एजेंट नियुक्त किए हैं। कर्नाटक में वर्तमान में 5 करोड़ 54 लाख 32 हजार से अधिक मतदाता हैं, जो विशेष गहन पुनरीक्षण के अंतर्गत आएंगे। कर्नाटक के मुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार ने आज बेंगलुरु स्थित अपने आवास पर गणना प्रपत्र भरा और पहली बार मतदान करने वाले मतदाताओं से पंजीकरण कराने का आह्वान किया। उन्होंने आवश्यक प्रमाण पत्र प्राप्त करने में राज्य सरकार की ओर से हर संभव सहायता का आश्वासन भी दिया।